नहर में डूबने से ऑटो चालक की मौत

रायगढ़, 21 अक्टूबर 2026। ग्राम खैरपुर में विजयादशमी पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब नहर में नहाने गए गांव के एक युवक की डूबने से मौत हो गई। उसके पानी में डूबने की सूचना पर पुलिस एवं एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी खोजबीन की तथा रात होने की वजह से रेस्क्यू रोक दिया गया था। वहीं मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने उसकी खोजबीन जारी रखी तथा काफी देर बाद युवक का शव नहर से बरामद हुआ। उक्त मामला कोतरारोड थाना क्षेत्र का है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोतरारोड थानांतर्गत ग्राम खैरपुर निवासी दीपांशु गुप्ता पिता कृष्ण कुमार गुप्ता (उम्र 20 वर्ष) ऑटो चालक था। दीपांशु मंगलवार की शाम को तकरीबन साढ़े 4 बजे अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि उसके दोस्त नहा रहे थे और इस दौरान दीपांशु नहर किनारे खड़ा था कि अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। यह देखकर उसके अन्य साथियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी युवक के परिजनों को दी और कोतरारोड थाने में सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतरारोड पुलिस व एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। देर शाम तक दीपांशु के नहीं मिलने और अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया था। पुलिस द्वारा खोजबीन रोके जाने के बाद खैरपुर के ही कुछ युवकों ने हिम्मत नहीं हारी और उसकी पतासाजी जारी रखी। काफी खोजबीन के बाद आखिरकार दीपांशु का शव नहर से बरामद कर लिया गया। युवक के मृत हालत में मिलने से पूरे गांव में मातम छा गया है। पुलिस ने शव को अस्पताल भिजवाते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *