खरसिया के मीना बाजार में आकाश झूले से गिरा युवक, हुई मौत

रायगढ़, 21 अक्टूबर 2026/ खरसिया के नगर पालिका प्रांगण में विजयादशमी के दिन संचालित मीना बाजार में मंगलवार शाम को आकाश झूले से गिरकर एक 39 वर्षीय युवक की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक पेशे से हलवाई बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे मेला परिसर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अस्पताल भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार खरसिया के नगर पालिका परिषद के प्रांगण में दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में मीना बाजार का संचालन किया जा रहा है।

मंगलवार की शाम को खरसिया के पठानपारा निवासी नकुल निषाद पिता रामप्रसाद निषाद (उम्र 39 वर्ष) परिवार के साथ मीना बाजार देखने आया था। नकुल आकाश झूला झूल रहा था। इसी दौरान ऊंचाई पर जाने के बाद अचानक झटके से नकुल नीचे गिर गया। इस घटना को देखकर मीना बाजार में हड़कंप मच गया। ऊंचाई से गिरने के कारण नकुल गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया था तथा इससे पहले कि उपचार के लिए उसे अस्पताल ले जाया जाता, नकुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मामले की सूचना खरसिया चौकी को दी गई, जिस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मर्ग कायम कर मामले की जांच-पड़ताल प्रारंभ कर दी गई है।

गौरतलब है कि मीना बाजार में लगे झूले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूर्व में ही स्थानीय लोगों ने सवाल खड़े किए थे। पुलिस के अनुसार युवक शराब के नशे में था और वह झूले के ऊपर नाच रहा था। इसी वजह से अनियंत्रित होकर वह आकाश झूले से नीचे गिर गया। वहीं सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि युवक नशे में था, तो झूला संचालक और टिकट काउंटर के कर्मचारियों ने उसे झूले पर चढ़ने ही क्यों दिया। बिना तकनीकी सुरक्षा के झूला संचालित किया जाना एक बड़ी लापरवाही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *