रायगढ़। शहर में लगातार हो रही दोपहिया वाहनों की चोरी पर अंकुश लगाते हुए कोतवाली पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत कुल पांच वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये है। आरोपी की गिरफ्तारी से कोतवाली थाने में दर्ज चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, पुलिस कॉलोनी के पास दौड़ाकर पकड़ा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और सीएसपी राहुल उईके व कोतवाली थाना प्रभारी अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम चोरी की घटनाओं की जांच कर रही थी। अलग-अलग घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पांच स्थानों पर एक ही संदिग्ध व्यक्ति नजर आया।
इसके बाद 24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक गौशाला के पास देखा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों को संदिग्ध की तस्वीर दिखाई, जिसे लोगों ने बाइक से छेड़छाड़ कर भागने वाले युवक के रूप में पहचाना। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए वायरलेस सेट के पास पुलिस कॉलोनी क्षेत्र से उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम निर्मल धाकड़ (28 वर्ष), निवासी सिंकपुर रोड निबुआपारा, मोरारगिर्द, थाना मोरार, जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश) बताया।
खर्च चलाने के लिए शुरू की चोरी, चाबी लगे वाहन होते थे निशाने पर
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 12 सितंबर को ग्वालियर से रायगढ़ अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। यहां आने के बाद उसके पैसे खत्म हो गए, जिसके बाद दैनिक खर्च चलाने के लिए उसने वाहन चोरी करना शुरू किया। आरोपी विशेष रूप से उन बाइक और स्कूटी को निशाना बनाता था, जिनमें चाबी लगी रह जाती थी। वह चोरी के वाहनों से घूमता था और पेट्रोल खत्म होने पर उन्हें लावारिस छोड़कर भाग जाता था।
बरामद वाहन और न्यायिक रिमांड
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 19 सितंबर को नीलांचल भवन बीडपारा से चोरी एक्टिवा स्कूटी, 20 सितंबर को मधुबनपारा से चोरी होंडा मोटरसाइकिल, 21 सितंबर को लक्ष्मीपुर शिशु मंदिर के सामने से चोरी होंडा साइन, 21 सितंबर को लाल टंकी चौक मजार के सामने से चोरी होंडा साइन और 21 सितंबर को जिला अस्पताल से चोरी पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, चाबी छोड़ने जैसी लापरवाही न बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




