रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ : पुलिस ने 6 वाहनों से पकड़ा करीब 130 टन अवैध कबाड़, 1.21 करोड़ की संपत्ति जब्त

रायगढ़। जिले में चोरी के अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और चोरी के माल के अवैध परिवहन व खपत पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूंजीपथरा पुलिस ने स्थानीय प्लांटों में खपाने के लिए ले जाए जा रहे 5 ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ा है। इन 6 वाहनों से कुल 129.840 टन लोहे-टीन और अन्य स्क्रैप जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 53.60 लाख रुपये है। जब्त किए गए 6 वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 68 लाख रुपये है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 1.21 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी वाहनों के चालकों से स्क्रैप के वैध दस्तावेज मांगे गए थे, लेकिन कोई भी चालक संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेहास्पद और चोरी का माल होने के अंदेशे पर पुलिस ने सामग्री और वाहनों को जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्केनिया प्लांट के पास 14 चक्का ट्रक से 24 टन स्क्रैप बरामद

पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 14 चक्का ट्रक क्रमांक UP63AT2054 में विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहनों के पार्ट्स का स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा स्थित एक प्लांट में खपाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रायगढ़ रोड पर स्केनिया प्लांट के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोका।

पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम राकेश गिरी (32 वर्ष), निवासी गोसाईपुर, थाना रामपुर, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें करीब 23.990 टन स्क्रैप मिला, जिसका बाजार मूल्य करीब 8.49 लाख रुपये और ट्रक की कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई। चालक ने बताया कि वह स्क्रैप सरगुजा से लोड कर लाया था, लेकिन वह परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। संबंधित प्लांट प्रबंधन ने भी प्रवेश आदेश या दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी राकेश गिरी के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS और धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर माल जब्त कर लिया।

पूंजीपथरा-तमनार चौक पर नाकेबंदी में पकड़े गए 5 अन्य वाहन

इसी अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पूंजीपथरा-तमनार चौक की तरफ से कई वाहनों में भारी मात्रा में कबाड़ भरकर लाया जा रहा है। नाकेबंदी के दौरान पुलिस टीम ने 5 अन्य संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की, जिनमें भारी मात्रा में लोहे के टुकड़े, रॉड और टीन लदे हुए थे। इन वाहनों से कुल 105.850 टन स्क्रैप बरामद हुआ।

पकड़े गए वाहनों और चालकों का विवरण इस प्रकार है:

1. ट्रक क्रमांक CG14MF0223 से जहांगीर अंसारी (49 वर्ष), निवासी भड़गांव, थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा (झारखंड) के कब्जे से 18.350 टन स्क्रैप (कीमत ₹7,70,700) जब्त किया गया।
2. ट्रक क्रमांक OD05R7085 से मनीष कुमार (23 वर्ष), निवासी नसरतपुर, थाना धनरूआ, जिला पटना (बिहार) के कब्जे से 24.830 टन स्क्रैप (कीमत ₹10,54,778) पकड़ा गया।
3. माजदा क्रमांक CG22U3873 के चालक अभिमन्यु साहू (42 वर्ष), निवासी फर्सवानी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कब्जे से 13.040 टन स्क्रैप (कीमत ₹5,77,020) जब्त हुआ।
4. ट्रक क्रमांक OD29D4325 से अविनाश कुमार (37 वर्ष), निवासी लक्ष्मीसागर, भुवनेश्वर, जिला खुर्दा (ओडिशा) के कब्जे से 25.510 टन स्क्रैप (कीमत ₹10,83,665) बरामद किया गया।
5. ट्रक क्रमांक OD19C4666 से राकेश कुमार (33 वर्ष), निवासी बहराम, थाना धनरूआ, जिला पटना (बिहार) के कब्जे से 24.120 टन स्क्रैप (कीमत ₹10,24,618) जब्त किया गया।

सख्ती जारी रहेगी, ट्रांसपोर्टर और प्लांटों की भूमिका की भी जांच

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चोरी के माल की खपत, अवैध कबाड़ के परिवहन और संदिग्ध कबाड़ कारोबारियों पर पुलिस की नजर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कबाड़ के नाम पर चोरी का माल खपाने या बिना वैध कागजात के परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों में केवल चालकों तक सीमित न रहकर वाहन मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और माल खरीदने वाले प्लांटों से जुड़े लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जाएगी।

यह पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में की गई, जिसमें उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, एएसआई उमाशंकर विश्वाल सहित पुलिस स्टाफ शामिल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *