रायगढ़। ब्रह्म संवारो फाउण्डेशन के तत्वावधान में आगामी 23 सितम्बर 2026 को रायगढ़ के अग्रोहा धाम, जिंदल रोड में एक भव्य भाषा शिक्षण कार्यक्रम एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन भाषा, साहित्य, शिक्षा एवं सांस्कृतिक चेतना को समर्पित होगा, जिसमें प्रदेश एवं देश के अनेक प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, साहित्यकार, भाषाविद् तथा जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन सायं 3 बजे से 5 बजे तक किया जाएगा।
इस गरिमामय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय होंगे, जिनके करकमलों से भाषा शिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन के माननीय वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी करेंगे।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग एवं थावे विद्यापीठ, गोपालगंज (बिहार) के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ के कुलपति डॉ. विनय चौहान, ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय रायगढ़ के कुलपति डॉ. आर.डी. पाटीदार, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. तरुणधर दीवान, रामदास द्रौपदी फाउंडेशन के चेयरमैन श्री सुनील रामदास, समाजसेवी श्री सुनील अग्रवाल लेंध्रा तथा छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष श्री राहुल अग्रवाल उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में भाषाविद् एवं संस्कृत आचार्य आचार्य धनञ्जयः शास्त्री जातवेदाः, शिक्षाविद् एवं हिन्दी विषय विशेषज्ञ श्री प्रकाश शर्मा, हिन्दी भाषा के पत्रकार एवं समिति अध्यक्ष श्री भानु प्रताप मिश्र, अंग्रेजी भाषा के पत्रकार एवं प्रोफेसर डॉ. विभाष झा तथा ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. संजय सिंह भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को समृद्ध करेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष भानु प्रताप मिश्र एवं समिति के संरक्षक सर्वश्री देवप्रकाश पाण्डेय, अनिल दुबे एवं सदस्य गण कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं का दायित्व संभाल रहे हैं। वहीं कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षाविद् एवं हिन्दी विषय विशेषज्ञ श्री प्रकाश शर्मा करेंगे।
आयोजक संस्था ब्रह्म संवारो फाउण्डेशन के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भाषा शिक्षण को प्रोत्साहित करना, हिन्दी, संस्कृत एवं अंग्रेजी भाषा के अध्ययन-अध्यापन को नई दिशा प्रदान करना तथा युवाओं में भाषायी दक्षता और साहित्यिक अभिरुचि का विकास करना है। कार्यक्रम में भाषा शिक्षण के विभिन्न आयामों, वर्तमान चुनौतियों एवं संभावनाओं पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
निःशुल्क भाषा शिक्षण कार्यक्रम के समापन के पश्चात एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कवि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आमंत्रित प्रतिष्ठित कवि एवं साहित्यकार अपनी रचनाओं का काव्यपाठ करेंगे। हास्य, वीर, श्रृंगार, ओज तथा समसामयिक विषयों पर आधारित कविताओं के माध्यम से साहित्य प्रेमियों को एक उत्कृष्ट सांस्कृतिक संध्या का आनंद प्राप्त होगा।
आयोजकों ने जिले के साहित्यकारों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, भाषा प्रेमियों एवं आम नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। यह आयोजन रायगढ़ में भाषा, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होने की उम्मीद की जा रही है।




