मौत की सड़क पर बाल-बाल बचे बाईक सवार

रायगढ़। शहर के ढिमरापुर चौक से कोतरा रोड बाईपास सड़क पर भारी वाहनों की रेलमपेल मची रहती है। वहीं सड़क काफी जर्जर हो गई तथा कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गये हैं जिससे आये दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। रविवार को भी गड्ढे से बाईक को बचाने के फेर में मोटरसायकिल ट्रक की चपेट में आ गई। हालांकि दुपहिया पर सवार दो युवक बाल-बाल बच गये। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस रोड के जीर्णोद्धार की मांग कर रहे हैं, परंतु लगता है प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है।

कोतरा रोड से ढिमरापुर चौक को जोड़ने वाली बाईपास सड़क की हालत काफी बदतर हो चुकी है। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गये हैं जिससे रोड से गुजरने वाले खासकर दुपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। चूंकि इस मार्ग पर भारी वाहनों की रेलमपेल मची रहती है तथा अमूमन जाम की स्थिति भी बनी रहती है। ऐसे में बाईक सवार यदि गड्ढे से बचते हैं तो ट्रक की चपेट में आने का भय रहता है और ट्रक से बचाव करते हैं तो गड्ढे में गिर कर चोटिल होने का डर बना रहता है। सड़क के जर्जर होने की वजह से गर्मी में जहां धूल का गुब्बार उड़ता है तो वहीं बरसात में गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को अंदाज की नहीं लग पाता है और परिणामस्वरूप वे दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।

ऐसा ही वाक्या रविवार को सामने आया जिसमें इस रोड से गुजर रहे बाईक सवार गड्ढे से बचने के फेर में ट्रक की चपेट में आ गया। सौभाग्य की बात यह रही कि बाईक में सवार दो युवक सकुशल बच गये परंतु ट्रक की चपेट में आने से उनकी मोटरसायकिल क्षतिग्रस्त हो गई। इस प्रकार की दुर्घटनाएं होना इस मार्ग पर अब आम बात हो गई है तथा बाईक सवार जान जोखिम में डाल कर कोतरा रोड बाईपास से गुजरते हैं। स्थानीय लोगों द्वारा भी लंबे समय से इस सड़क के जीर्णोद्धार की मांग की जा रही है परंतु प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है, जिसकी वजह से क्षेत्र के रहवासियों में प्रशासन के इस रवैये के प्रति काफी असंतोष देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *