शहर के हॉट स्पॉट पर नाली निर्माण का काम शुरू, रोड जाम

रायगढ़ । शहर के गद्दी चौक व गौरीशंकर मंदिर रोड पर नाली निर्माण कार्य चलने के कारण एक ओर जहां पाईप लाईन के फट जाने से क्षेत्र में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई थी, वहीं दूसरी ओर आवागमन भी अवरूद्ध होने के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। ऐसे में लोग भी काफी हलाकान रहे। देर शाम पाईप लाईन में सुधार किये जाने के बाद कहीं जाकर पानी सप्लाई शुरू हो सकी। बरसात का मौसम खत्म होते ही नगर निगम द्वारा नाली व सडक़ निर्माण के कार्यों को प्रारंभ करवा दिया गया है। इस कड़ी में

गौरी शंकर मंदिर रोड तथा गद्दी चौक में नाली निर्माण का काम शुरू हुआ है। नाली के लिए गड्ढा खोदे जाने के दौरान दोनों ही मार्ग से गुजर रही पानी की पाईप फट गई थी। इस वजह से इस क्षेत्र के पेयजल की आपूर्ति ठप्प पड़ गई थी। दो दिनों से क्षेत्र के रहवासियों के समक्ष पानी की समस्या खड़ी हो गई थी।

हालांकि बुधवार की शाम को नगर निगम की ओर मरम्मत कार्य पूर्ण कराया गया तब कहीं जा कर पानी सप्लाई शुरू हो सकी। वहीं दूसरी ओर नाली के लिए गड्ढा खोदने की वजह से गौरी शंकर मंदिर मार्ग संकरा हो गया है जिससे इस रोड में जाम की स्थिति बनी रही। वहीं गद्दी चौक में काम चलने की वजह से चार पहिया वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

सुभाष चौक पर पहले से ही यातायात पुलिस द्वारा बेरिकेट लगा कर गद्दी चौक की ओर आने वाले वाहनों को रोक दिया जाता है जिससे वाहन गांधी प्रतिमा के पास से घूम कर आते हैं। वहीं गद््दी चौक पर भी बुधवार को बेरिकेट लगा कर चार पहिया वाहनों को रोकने की वजह से शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक काफी बढ़ गया था, जिससे सभी तरफ जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को हलाकान होना पड़ा।

लोगों का कहना था कि प्रमुख मार्गों पर रात के समय कार्य करवाया जाना चाहिए ताकि यातायात बाधित न हो। गौरतलब है कि पूर्व में भी नगर निगम कार्यालय के सामने आरओबी से सुभाष चौक के बीच खराब सडक़ की ऐन त्यौहार के समय मरम्मत कार्य करवाया जा रहा था जिस पर व्यापारियों ने काफी नाराजगी व्यक्त की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *