रायगढ़ में बड़ा हादसा: सड़क पर काल बनकर खड़ी थी ट्रेलर, बाइक जा घुसी, एक की दर्दनाक मौत, दो घायल

रायगढ़ । अंधेरे में बिना किसी संकेत के लापरवाहीपूर्वक खड़ी ट्रेलर से बाइक के टकरा जाने पर एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को अस्पताल भेजा है, जहां पोस्टमार्टम की कार्यवाही के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंपते हुए ट्रेलर चालक के विरुद्ध जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। उक्त हादसा चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक चक्रधरनगर थानांतर्गत ग्राम देवबहाल निवासी नेतराम राठिया गुरुवार की शाम को अपने बेटे और एक अन्य ग्रामीण के साथ बाइक से बंगुरसिया गया था।

वहीं बंगुरसिया के लोक सेवा केंद्र से पैसा निकालने के बाद वे तीनों वापस अपने गांव आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मां मंगला प्लांट के पास अंधेरे में सड़क पर बिना किसी संकेत के खड़ी ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई। ट्रेलर से टकराकर वे बाइक सहित सड़क पर गिर गए तथा गंभीर चोट आने के कारण ग्रामीण आनंद राठिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नेतराम राठिया व उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग वहां जमा हो गए तथा पुलिस को इसकी सूचना दी।

वहीं पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा तथा मृतक आनंद राठिया के शव को भी अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार की सुबह पोस्टमार्टम उपरांत उसके शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं लापरवाहीपूर्वक ट्रेलर खड़े करने के मामले में चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध करते हुए पुलिस ने आगे की कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *