रायगढ़वासियों को मिली नई सौगात, मुख्यमंत्री ने ‘सिंदूर पार्क’ का किया लोकार्पण
रायगढ़। सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज रायगढ़ शहर में विकसित ‘सिंदूर पार्क’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि रायगढ़वासियों के लिए स्वच्छ वातावरण, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने इसे शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए रायगढ़वासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंदूर पार्क रायगढ़वासियों के लिए एक सुंदर और आधुनिक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि कभी अव्यवस्थित रहने वाला यह क्षेत्र अब शहर का आकर्षण बन गया है।
पार्क में चौपाटी, मनोरंजन क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था, सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थान और हरियाली विकसित की गई है, जिससे लोगों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सार्वजनिक सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए वित्त मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री ओ.पी.चौधरी की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए लगातार नए कार्य किए जा रहे हैं और सिंदूर पार्क उसी सोच का परिणाम है। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड और संबंधित अधिकारियों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि लगभग 4 एकड़ 30 डिसमिल क्षेत्र में विकसित यह पार्क शहर के सौंदर्य और नागरिक सुविधाओं को नई पहचान देगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी, लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन अनुराग सिंह देव, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, धमतरी के महापौर श्री जगदीश रोहरा, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, वार्ड के पार्षद श्री सुरेश गोयल सहित पार्षदगण, श्री अरुणधर दीवान, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री विकास केडिया, श्री गुरूपाल भल्ला, श्री अरुण कातोरे, श्री पवन शर्मा, श्री आशीष ताम्रकार और बड़ी संख्या में शहर के नागरिकगण मौजूद रहे। इसके साथ मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए हर वादे को तेजी से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को “मोदी की गारंटी” के रूप में जनता के सामने रखा गया था और सरकार उन सभी गारंटियों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी” और सरकार बिना किसी देरी के योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार मनाया जा रहा है। इसके तहत सरकार गांव-गांव पहुंचकर आम जनता की समस्याएं सुन रही है और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर में शांति और विकास की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र कभी आतंक और भय के कारण विकास से वंचित था, वहां अब तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है।
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर में जहां-जहां बेहतर विकास कार्य किए जा सकते हैं, वहां सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और आशीर्वाद में रायगढ़ के विकास कार्य रॉकेट की गति से” आगे बढ़ रहे हैं। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि जिस स्थान पर आज सिंदूर पार्क बना है, वहां पहले गंदगी, अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों की स्थिति बनी रहती थी। इतवारी बाजार क्षेत्र में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और आसपास रहने वाले नागरिक लंबे समय से यहां बेहतर विकास की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि लगभग 9 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से इस परियोजना को विकसित किया गया, जिसके माध्यम से पूरे क्षेत्र को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। पार्क में प्रवेश के साथ ही विशाल पार्किंग व्यवस्था विकसित की गई है ताकि लोगों को वाहनों की पार्किंग में परेशानी न हो। इसके साथ ही आसपास की सड़कों का चौड़ीकरण भी किया गया है ताकि मोहल्लेवासियों को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि यहां एक आधुनिक फूड कोर्ट भी तैयार किया जा रहा है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया जारी है। यह क्षेत्र आने वाले समय में रायगढ़ का प्रमुख पारिवारिक और मनोरंजन केंद्र बनेगा। सिंदूर पार्क में पहली बार “स्टैंप कंक्रीट” तकनीक का उपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि यह टाइल्स की तुलना में अधिक मजबूत, आकर्षक और टिकाऊ होता है तथा लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बना रहता है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए हाउसिंग बोर्ड और इंजीनियरों की सराहना भी की। वित्त मंत्री ने कहा कि पार्क परिसर में यादव समाज और देशभक्ति की भावना से जुड़ा “रेजांगला स्मारक” भी बनाया गया है। यह स्मारक वीर सैनिकों की शौर्यगाथा और बलिदान की याद दिलाएगा।



