रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम गुडूबहाल में एक पालतू कुत्ते को टांगी (कुल्हाड़ी) से मारकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। कुत्ते की मौत के बाद उसके शव को एक बोरी में भरकर गांव के चौराहे के पास फेंक दिया गया था। इस मामले में कुत्ते के मालिक की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुडूबहाल निवासी 60 वर्षीय रिझन लकड़ा जनपद पंचायत लैलूंगा में सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं वृक्षारोपण अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने अपने घर में एक देशी कुत्ता पाल रखा था। मंगलवार शाम को कुत्ता घर से बाहर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अगली सुबह रिझन लकड़ा अपनी ड्यूटी पर लैलूंगा चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दी हमले की जानकारी, चौराहे पर बोरी में मिला शव
रिझन लकड़ा के अनुसार, ड्यूटी के दौरान परिजनों ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि गांव के ही परमानंद लकड़ा ने उनके पालतू कुत्ते पर टांगी से हमला कर दिया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव की रहने वाली रेखा बाई और सुनीता ने इस घटना को अपनी आंखों से देखने की बात कही।
घटना की जानकारी मिलते ही रिझन लकड़ा कार्यालय से तुरंत गांव पहुंचे। बस्ती के चौराहे के पास एक बोरी में उनके पालतू कुत्ते का शव मिला। इसके बाद उन्होंने सीधे लैलूंगा थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बीएनएस की धारा 325 के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
लैलूंगा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी परमानंद लकड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि पालतू कुत्ते को मारने की शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी कुत्ते से परेशान रहता था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





