- दो दिन में ही छोड़ा, अपहरणकर्ताओं ने म्यूल एकाउंट में रकम ट्रांसफर करवाई
रायगढ़,। रायगढ़ जिले में अब अपहरण जैसी संगीन वारदातें भी होने लगी हैं। एक सनसनीखेज मामले में डिग्री कॉलेज के एक प्रोफेसर को कुछ युवकों ने अपहरण कर लिया। उनके साथ मारपीट भी की गई। बताया जा रहा है कि कुछ रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के बाद उनको छोड़ दिया गया। घटना के बाद प्रोफेसर सदमे में हैं। पुसौर थाने में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने रायगढ़ जिले में बदल रहे आपराधिक परिदृश्य की एक झलक दिखाई है। अब मारपीट, चाकूबाजी नहीं बल्कि अपहरण भी होने लगा है। किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के ज्योग्राफी के प्रोफेसर कपूरचंद गुप्ता निवासी तेतला को कुछ युवकों ने अपहरण कर लिया था।
सूत्रों के मुताबिक तेतला में ही घात लगाकर बैठे कुछ युवक प्रोफेसर के पास पहुंचे और उनको धमकाकर बाईक पर बैठा लिया। उनको कुछ दूर ले जाकर एक चार पहिया वाहन में शिफ्ट कर दिया। कुछ और युवक भी इस दौरान पहुंच गए। प्रोफेसर को वहां से मारपीट करते हुए दूसरी जगह ले जाया गया। बताया जा रहा है कि प्रोफेसर के बेटे ने मोबाइल की मदद से अपने पिता की लोकेशन खोजी। फिर वहां पहुंचकर पिता को छुड़वाया। इस दौरान एक अज्ञात लडक़ी के एकाउंट में 90 हजार रुपए ट्रांसफर भी करवाए गए। कुछ युवकों ने अपने खाते में भी राशि ट्रांसफर करवाई। प्रोफेसर गुप्ता को डरा-धमकाकर रखा गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को श्री गुप्ता युवकों के चंगुल से छूटे। उन्होंने घटना की जानकारी डिग्री कॉलेज प्राचार्य समेत दूसरे प्राध्यापकों को भी दी। इसके बाद आरोपियों को पकडऩे की मांग लेकर सभी एसपी ऑफिस भी पहुंचे।
औरदा का एक युवक धराया
मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना के बाद प्रोफेसर गुप्ता बेहद डरे-सहमे रहे। उन्होंने अपने साथ हुई घटना की पूरी जानकारी पुसौर थाने में दी है। उनकी निशानदेही पर औरदा के एक युवक को पकड़ा गया। बाकी आरोपियों की जानकारी भी पुलिस को मिल चुकी है। संभवत: एक-दो दिनों में सारे आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। अपहरण करने वालों को श्री गुप्ता के दिनचर्या की जानकारी थी। उनको मालूम था कि श्री गुप्ता रोज सुबह वॉक के लिए जाते हैं।
म्यूल एकाउंट में राशि ट्रांसफर
सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने एक एकाउंट में बड़ी रकम ट्रांसफर करवाई। पुलिस ने जांच के दौरान जब खाताधारक को फोन किया तो वह एक लडक़ी निकली। उसने किसी भी आरोपी को जानने से इंकार किया। उसका कहना है कि एकाउंट को उसने किराए पर दिया था। इस अपराध में संलिप्त लोगों की खोजबीन जारी है।






