- तहसीलदार रायगढ़ को कई बार लिखा पत्र, करीब 20 कॉलोनियों के जमीनों की करनी है जांच
रायगढ़,। कलेक्टर ने सभी निजी कॉलोनियों में कमजोर आय वर्गों के लिए आरक्षित भूमि की जांच करने का आदेश दिया है। एसडीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद कॉलोनियों की जांच के बाद जमीन चिह्नित कराई है। इसी तर्ज पर नगर निगम आयुक्त ने भी कार्रवाई शुरू की है। नगर निगम ने करीब पांच साल से रायगढ़ तहसीलदार को सीमांकन करने का आग्रह किया है लेकिन आज तक फाइल आगे नहीं बढ़ी। जितनी गड़बड़ी शहरी क्षेत्र की कॉलोनियों में है, उतनी ग्रामीण क्षेत्र की कॉलोनियों में नहीं है। निगम ने करीब 41 कॉलोनियों को हैंडओवर लिया है।
पूर्णता के बाद कॉलोनी का मेंटेनेंस तो निगम कर रहा है लेकिन यहां से मिलने वाली ईडब्ल्यूएस भूमि अब तक नहीं मिली है। मिली जानकारी के मुताबिक करीब 15 कॉलोनियों की जमीनों की रजिस्ट्री प्रशासन के पक्ष में नहीं हुई है। बिल्डरों ने भी कॉलोनी की सीमा में जमीन देने के बजाय, दूर गांवों में जमीन दी है। करीब 20 कॉलोनियों में ऐसा किया गया है। उस जमीन पर आधिपत्य तो दूर, नगर निगम ने देखा तक नहीं है। कॉलोनी परिसर के अंदर जमीन नहीं दी गई। गांव में कम कीमत पर जमीन खरीदकर निगम पर थोप दिया गया।
कई कॉलोनाइजरों ने जमीन ऐसी जगह दी है, जहां कोई पहुंच मार्ग ही नहीं है। ऐसी जमीनों के सीमांकन के लिए पांच साल से नगर निगम प्रयास कर रहा है। 2021 से 2026 तक कई बार तहसीलदार को पत्र लिखा जा चुका है। उदाहरण के तौर पर विनोद अग्रवाल ने जगतपुर में आशीर्वादपुरम नामक कॉलोनी बसाई थी। इसकी ईडब्ल्यूएस भूमि लामीदरहा खनं 74/2 रकबा 0.121 हे. और खनं 76/2 रकबा 0.405 हे. दी गई थी। इसका सीमांकन किए बिना भूमि की भौगोलिक स्थिति का पता नहीं चल सकेगा।
फिर से दिया सीमांकन का निर्देश
नगर निगम आयुक्त ने एक बार फिर से तहसीलदार को 15 कॉलोनियों की ईडब्ल्यूएस भूमि का सीमांकन करने को कहा है। सीमांकन नहीं होने की वजह से भूमि को सुरक्षित नहीं किया जा सका है। पहले सीमांकन करके जमीन की पहचान की जाएगी। इसके बाद नामांतरण की कार्यवाही होगी। कई कॉलोनाइजरों ने लामीदरहा में जमीन खरीदकर दी है।
इन कॉलोनियों ने दूर में दी थी जमीन
जेवीजे कॉलोनी, सिंघानिया कॉलोनी, आशीर्वादपुरम, शिव कानन, न्यू रुकमणि विहार, श्याम सुंदर कॉलोनी, कृष्ण कुंज, कृष्णा विहार फेज-3, श्री कुंज कॉलोनी, कृष्णा हाईट्स, सृजन कॉलोनी, ओजोन कॉलोनी, न्यू कृष्णा विहार, बेनी कुंज, सावित्री नगर, सिद्धि विनायक कॉलोनी, उपेंद्र सिंह कॉलोनी, हिमालया हाईट्स, लोचन नगर, समता कॉलोनी, सांई कृपा कॉलोनी।




