- 20 प्रश चावल जमा होना बाकी तो फिर मिलर्स क्यों कर रहे देरी, एक गोदाम से दूसरे गोदाम चावल ले जाने की आ रही नौबत
रायगढ़ । भारतीय खाद्य निगम और नागरिक आपूर्ति निगम दो ऐसी संस्थाएं हैं जिन्होंने कस्टम मिलिंग का सिस्टम बिगाड़ दिया है। एफसीआई से आवंटन मिल जाता है लेकिन चावल रखने के लिए जगह नहीं होती। नान के गोदामों में भरपूर जगह है लेकिन नौ दिन चले अढ़ाई कोस वाली बात है। मात्र 20 प्रश चावल जमा करने के लिए मिलर्स को छह महीने और चाहिए। इस वजह से नान के एक गोदाम से दूसरे गोदाम तक चावल परिवहन की नौबत आ गई है। नान में चावल जमा करने की गति बेहद धीमी है। यह बात समझ से परे है कि गोदामों में भरपूर जगह होने के बावजूद चावल क्यों नहीं लिया जा रहा है।
या तो राइस मिलर्स के पास धान नहीं है, या फिर कुछ दूसरा कारण है। वर्ष 2025-26 में नागरिक आपूर्ति निगम में राईस मिलर्स को 1,33,296 एमटी चावल जमा करना है। इसके अनुपात में करीब 1.06 लाख एमटी चावल जमा हो चुका है। करीब 80 प्रश चावल नान में अक्टूबर के पहले ही जमा हो चुका है। करीब 27 हजार एमटी चावल जमा करना बाकी है। बचा हुआ चावल राईस मिलर्स चाहें तो धान खरीदी के पहले ही दे सकते हैं, लेकिन कोई भी मार्च 2027 से पहले चावल देना ही नहीं चाहता। दरअसल एफसीआई ने मार्च 2027 तक चावल लेने की मोहलत दी है। इसकी देखादेखी मिलर्स ने खुद ही नान में भी उसी अवधि को अंतिम मान लिया है।
मजे की बात यह है कि नान के धरमजयगढ़, घरघोड़ा, खरसिया, रायगढ़ और किरोड़ीमल नगर के गोदामों में चावल लेने की पर्याप्त जगह है। 25-26 में उठाए गए धान का चावल अभी क्यों नहीं लिया जा रहा है। एफसीआई में अरवा, उसना, कनकी मिलाकर मिलर्स को 2,51,344 एमटी चावल देना है। इसमें से करीब 82 हजार एमटी चावल ही जमा किया जा सका है जो कुल मात्रा का 33 प्रश है। जगह नहीं होने के कारण चावल जमा नहीं हो रहा है।
रायगढ़ से दूसरे गोदामों तक ढोने की मजबूरी
नान के गोदामों में जगह है तो चावल जमा नहीं हो रहा है। एफसीआई में चावल देना है लेकिन जगह नहीं है। दोनों सरकारी एजेंसियां अलग ही तरीके से काम कर रही हैं। नान के दूरस्थ स्थित गोदामों में चावल कम होने पर दोबारा परिवहन की नौबत आ रही है। धरमजयगढ़ या घरघोड़ा गोदाम में चावल कम होने पर पीडीएस आपूर्ति के लिए रायगढ़ के गोदाम से चावल ले जाना पड़ेगा। सीधे उसी गोदाम में चावल जमा होता तो परिवहन ठेकेदार को डबल भुगतान नहीं करना पड़ता। दोबारा लोडिंग, अनलोडिंग, फिर दुकान तक ले जाने के लिए फिर से वही प्रक्रिया करनी पड़ेगी। सरकार की कितनी राशि बेवजह खर्च हो रही है।
दूसरे जिलों में कलेक्टरों ने दिया है अल्टीमेटम
रायपुर और जशपुर के कलेक्टरों ने सभी राईस मिलर्स को महीने के अंत तक नान में पूरा चावल देने का आदेश दिया है। जो राइस मिलर चावल नहीं देगा, उस पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नवंबर में धान खरीदी शुरू हो जाएगी। उस दौरान नान का चावल जमा होना बाकी होने पर प्रशासन की ही परेशानी बढ़ेगी।




