सिर से निकल रहा था खून,लाभांडी इलाके में संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव

रायपुर। राजधानी के लाभांडी इलाके में मंगलवार सुबह एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हिमेश यादव के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

सिर से खून बहता देख हत्या की आशंका

यह मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह लाभांडी इलाके में युवक का शव देखा, जिसके सिर से खून निकल रहा था। शव की ऐसी हालत देखकर आसपास के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने शुरू की पड़ताल

वारदात की सूचना के बाद पुलिस बल के साथ फॉरेंसिक (FSL) और डॉग स्क्वॉड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। जांच टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके। पुलिस शव का पंचनामा कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

मामले की पुष्टि करते हुए रायपुर सेंट्रल जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटले ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर पुलिस और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *