जांजगीर-चांपा। अकलतरा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए 184 लीटर अवैध देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी इसे 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती पर घोषित ड्राई डे के दौरान बेचने के लिए अपने घर में छिपाकर रखा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नशा विरोधी अभियान के तहत मुखबिर से अवैध शराब भंडारण की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने गुरु घासीदास मोहल्ला निवासी टेकूलाल बंजारे पिता परदेशी बंजारे के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर के भीतर छिपाकर रखी गई देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
ड्राई डे पर अवैध बिक्री की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अक्सर ड्राई डे के दिन अवैध रूप से शराब बेचता है। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर देशभर में शराब दुकानें और बार पूरी तरह बंद रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर शराब खपाने के मकसद से उसने पहले से शराब का बड़ा स्टॉक जमा कर रखा था। पुलिस ने पूरी शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की और उसे जेल दाखिल कराया।




