रायगढ़ । रायगढ़ जिले में हाथियों का आतंक थम नहीं रहा। अंधेरा होते ही हाथियों के दल खेतों में उतर रहे हैं और खड़ी फसल रौंद रहे हैं। दोनों वन मंडलों के अलग-अलग इलाकों में अब तक 16 किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंच चुका है। वन विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर आगे की प्रक्रिया में जुट गई हैं। रायगढ़ वन मंडल के तमनार रेंज में सामारूमा गांव के 5 किसानों की फसल हाथियों ने बर्बाद कर दी। घरघोड़ा रेंज के कमतरा में भी एक किसान की धान की फसल चौपट हो गई।
हाथियों के खेतों तक पहुंचने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। धरमजयगढ़ वन मंडल के नलकालो क्षेत्र में कुसुम और श्रवण कुमार के खेतों को नुकसान पहुंचा है। प्रेमनगर और मेढरमार क्षेत्र में हाथियों के दल ने विजय राय, चैतराम, रथ्थूलाल और दिलीप की फसल रौंद दी। लैलूंगा और गमेकेला क्षेत्र में प्रशांत भगत, खेमचंद, मूसतराम और लालोनी शर्मा की धान की फसल को भी नुकसान हुआ है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दल की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों से अकेले जंगल की ओर न जाने की अपील की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा जा रहा है। खासकर शाम और रात में जंगल व हाथी प्रभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है, ताकि हाथियों से आमना-सामना न हो और जनहानि रोकी जा सके।



