रायगढ़। जिले में जुआ और सट्टा पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने गढउमरिया स्थित जुआ फड़ पर दबिश देकर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। मौके से 25,070 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा डीएसपी शिखर मरावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 29 सितंबर को गढउमरिया स्थित आरआर एनर्जी कंपनी के सामने दबिश दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, जहां 52 पत्ती ताश से रुपयों का दांव लगाकर हार-जीत का खेल चल रहा था। पुलिस ने फड़ और आरोपियों के पास से कुल 25,070 रुपये नकद जब्त किए।
कोतवाली, जूटमिल और तमनार क्षेत्र के निवासी हैं आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में फैजान खान (23 वर्ष) निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती, जीतराम बघेल (29 वर्ष) निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती, विक्की चौधरी (29 वर्ष) निवासी जूटमिल सामने गली, बेदराम यादव (38 वर्ष) निवासी उर्दना चौक और अमित कुमार सिदार (33 वर्ष) मूल निवासी गोढ़ी (थाना तमनार) हाल मुकाम रेलवे बंगलापारा शामिल हैं।
इसके अलावा कांशीराम अजय (24 वर्ष) निवासी कांशीराम चौक, संतोष कुमार भारद्वाज (39 वर्ष) निवासी गढउमरिया और शत्रुघन जाटवर (25 वर्ष) निवासी कांशीराम चौक को भी गिरफ्तार किया गया है।
जुआ एक्ट और बीएनएसएस की धाराओं में कार्रवाई
जूटमिल थाना पुलिस ने सभी 8 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध अलग से धारा 170 बीएनएसएस (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम न्यायालय रायगढ़ में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में डीएसपी शिखर मरावी के साथ साइबर व जूटमिल थाने के प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर, अनूप कुजूर और आरक्षक प्रशांत पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर, महेश पंडा, नवीन शुक्ला, जितेन्द्र कुर्रे व वेद प्रकाश पटेल शामिल रहे। पुलिस के अनुसार जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ जारी रहेगा।




