रायगढ़। विभिन्न स्कूलों में सीएसआर मद से आईसीटी प्रशिक्षक व डीजीमित्रों की सेवा समाप्ति किये जाने पर प्रशिक्षकों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए उनकी पुर्नबहाली करने अथवा समग्र शिक्षा अभियान उचित पद पर समायोजन करने सहित पांच सूत्रीय मांग रखी है। उनका कहना है कि कार्य से पृथक किये जाने पर उनके भविष्य अंधकार में चला जायेगा। जिले के विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोडऩे के लिए चार वर्ष पूर्व सीएसआर मद से
आईसीटी प्रशिक्षक व डीजी मित्रों की नियुक्ति की गई थी। वहीं, उनकी सेवा समाप्ति कर दी गई है। ऐसे में बेरोजगार हुए प्रशिक्षकों ने सोमवार को जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए उनकी पुर्नबहाली सहित पांच सुत्रीय मांग रखी। प्रशिक्षकों का कहना था कि विद्यार्थियों में कम्प्यूटर शिक्षा, डिजिटल सामग्री, ऑन लाईन व तकनीकी सहयोग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उन्होंने अपना योगदान दिया है। अब सेवा समाप्त किये जाने से वे
अपना भविष्य कैसे सुरक्षित करें तथा परिवार का पालन पोषण करने में भी उन्हे परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रशिक्षकों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि उनकी पुर्नबहाली की जानी चाहिए अथवा समग्र शिक्षा अभियान में उनकी योग्यता और अनुभव को देखते हुए उचित पद पर समायोजन किया जावे, साथ ही भविष्य में सेवा की स्थिरता एवं रोजगार सुरक्षा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इस विषय में अतिशीघ्र निर्णय लेने की कलेक्टर से गुहार लगाई है।



