रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 (2024) सर्वे के आधार पर तैयार सिस्टम जनरेट प्राथमिकता सूची का ग्रामसभा में अनुमोदन कर दिया गया है। अनुमोदित सूची के मुताबिक रायपुर जिले के चार जनपदों में कुल 75 हजार 461 हितग्राहियों में से 74 हजार 68 हितग्राही पात्र पाए गए हैं, जबकि 1 हजार 393 हितग्राहियों को अपात्र घोषित किया गया है।
जनपदवार पात्र और अपात्र हितग्राहियों की स्थिति
जिला पंचायत रायपुर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले के सभी चार विकासखंडों में सर्वे सूची का सत्यापन किया गया है। आरंग जनपद में सबसे अधिक हितग्राही शामिल हैं, जहां कुल 25 हजार 814 में से 25 हजार 138 पात्र और 676 अपात्र पाए गए। वहीं तिल्दा जनपद में 19 हजार 755 हितग्राहियों में से 19 हजार 625 पात्र और 130 अपात्र मिले हैं।
इसी तरह अभनपुर जनपद में कुल 18 हजार 352 हितग्राहियों में 18 हजार 95 पात्र तथा 257 अपात्र पाए गए हैं। धरसींवा जनपद में दर्ज 11 हजार 540 हितग्राहियों में से 11 हजार 210 हितग्राही योजना के लिए पात्र मिले, जबकि 330 हितग्राहियों को अपात्र पाया गया है।
दावा-आपत्ति के लिए तय की गई समय-सीमा
सूची में अपात्र पाए गए हितग्राहियों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया है। ऐसे हितग्राही 28 सितंबर से 10 अक्टूबर तक ग्रामसभा में अपनी दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समयावधि के भीतर प्राप्त होने वाले लिखित आवेदनों पर जिला स्तरीय समिति द्वारा नियमानुसार विचार कर निर्णय लिया जाएगा।
जिला पंचायत ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले, त्रुटिपूर्ण या अस्पष्ट आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। पात्र एवं अपात्र हितग्राहियों की सूची को लोगों के अवलोकन के लिए संबंधित जिला कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय और ग्राम पंचायत भवनों के सूचना पटल पर चस्पा कर दिया गया है।



