रायगढ़ । शहर के संजय कॉम्प्लेक्स में बुधवार की दोपहर को उस वक्त सनसनी फैल गई जब निगम की दुकान के पीछे एक नाबालिग की फांसी लटकी लाश मिली। किशोर ने खुदकुशी की है या फिर और कुछ मामला है इस बात का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पायेगा। फिलहाल, कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शहर के डेली मार्केट संजय कॉम्प्लेक्स में एमजी रोड की ओर बनी नगर निगम की दुकानों के पीछे एक नाबालिग बालक की फांसी लटकी लाश मिलने से आस-पास सनसनी फैल गई थी। वहीं लोगों का वहां जमघट लग गया था। इस दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी गई जिस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मृतक का नाम केसरीलाल बताया जा रहा है तथा उसकी मां वहीं होटल में काम कर के जीवन यापन करती है। वहीं केसरीलाल द्वारा सुलोशन का नशा करने की बात भी सामने आ रही है। उसने खुदकुशी की है अथवा और कोई मामला है इस बात का खुलासा पीएम रिपोर्ट व पुलिस जांच के बाद ही हो पायेगा।




