रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयलार के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रही एक यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस खौफनाक हादसे में बस में सवार करीब 15 से 18 यात्री घायल हो गए हैं, जबकि बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल घायलों को धरमजयगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9 बजे पूर्णागिरि बस रोजाना की तरह 40 से 50 यात्रियों को लेकर धरमजयगढ़ से खरसिया के लिए रवाना हुई थी। बस जैसे ही कोयलार क्षेत्र में पहुंची, विपरीत दिशा से धरमजयगढ़ की ओर आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्री बस का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। घटना के तुरंत बाद बस में फंसे यात्रियों में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मचने लगी। हादसे को देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। “हादसे के संबंध में धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि पूर्णागिरि बस और ट्रक के बीच टकराव हुआ है। इस दुर्घटना में करीब 15 से 18 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
इस भीषण दुर्घटना के चलते धरमजयगढ़-खरसिया मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन को फिर से सामान्य कराया। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयलार के आसपास आए दिन ऐसे छोटे-बड़े सड़क हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।









