सरपंच भी नहीं हटवा सका अतिक्रमण, कलेक्टर से की फरियाद

रायगढ़ । गांवों को चलने के लिए ग्राम पंचायत का गठन होता है जिसका प्रमुख सरपंच होता है। सरपंच ही जब गांव में कोई अवैध काम को न रोक सके तो फिर उसे भी कलेक्टर के सामने गुहार लगानी पड़ती है। डोंगीतराई में कांजी हाउस पर एक व्यक्ति ने कब्जा करके फेब्रिकेशन यूनिट खोल दी है। अब वहां सार्वजनिक शेड निर्माण होना है लेकिन कब्जा खाली नहीं हो रहा है।

डोंगीतराई सरपंच मनबोध चौहान ने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन दिया है। ग्रापं डोंगीतराई के हरिहरपुर मोहल्ला में सार्वजनिक कार्य के लिए एक भी भवन नहीं है। इसलिए शासन ने छज्जायुक्त शेड निर्माण को मंजूरी दी है। पूर्व में जिस जगह पर कांजी हाउस चलता था, वहीं पर शेड निर्माण होना है। गांव के संतोष पिता जगन्नाथ विश्वकर्मा ने उस जगह पर अवैध कब्जा कर लिया है। वहां अवैध रूप से फेब्रिकेशन यूनिट चला रहा है।

अब शेड निर्माण के लिए उसको कब्जा खाली करने कहा जा रहा है लेकिन वह जगह छोडऩे को तैयार नहीं है। ग्राम पंचायत से कई बार नोटिस दिया जा चुका है। इसलिए सरपंच ने विवश होकर कलेक्टर जनदर्शन में अर्जी लगाई है। उसने कलेक्टर से कब्जा हटवाने की गुहार लगाई है। शिकायत के साथ ग्राम पंचायत के प्रस्ताव की प्रति भी संलग्न की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *