साइबर ठगी के नए पैंतरों से आगाह करेगी रायगढ़ पुलिस, बनाई जा रही है खास शॉर्ट फिल्म

रायगढ़। साइबर अपराधों के नए तरीकों के प्रति आम नागरिकों को सतर्क करने के लिए रायगढ़ पुलिस एक शॉर्ट फिल्म तैयार कर रही है। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत यह पहल की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य डिजिटल माध्यमों से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। इस शॉर्ट फिल्म में दिखाया जा रहा है कि साइबर ठग किस तरह म्यूल अकाउंट और एपीके (APK) फाइलों के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनकी मेहनत की कमाई हड़प लेते हैं। फिल्म की शूटिंग रायगढ़ के विभिन्न स्थानों पर की जा रही है, जिसमें पुलिस कंट्रोल रूम भी शामिल है।

पुलिसकर्मी खुद कर रहे अभिनय, ऋभू समर्थ सिंह संभाल रहे निर्देशन

इस शॉर्ट फिल्म का निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह कर रहे हैं। फिल्म निर्माण में सहयोग के लिए रायपुर से कलाकारों और तकनीशियनों की टीम रायगढ़ पहुंची है। खास बात यह है कि इस फिल्म में रायगढ़ पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी अलग-अलग किरदार निभा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत रायगढ़ पुलिस हर हफ्ते अलग-अलग अवधारणाओं के साथ लोगों के बीच पहुंचकर बचाव के उपाय बता रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा तैयार की जा रही यह फिल्म किसी प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसका मकसद ठगी के तौर-तरीकों को बेहद सरल और प्रभावी ढंग से लोगों के सामने लाना है ताकि वे सतर्क रह सकें।

‘संकल्प: साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर प्रतियोगिता, 24 सितंबर तक मौका

जागरूकता गतिविधियों के साथ ही रायगढ़ पुलिस ‘संकल्प: साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर एक लघु फिल्म प्रतियोगिता का भी आयोजन कर रही है। इस प्रतियोगिता में दो श्रेणियों के तहत प्रतिभागी अधिकतम 3 मिनट का वीडियो अथवा 6 मिनट तक की लघु फिल्म तैयार कर सकते हैं। प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि गूगल ड्राइव या किसी अन्य फाइल होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर उसका लिंक contact@filmotsav.org पर भेजना होगा।

दोनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए कुल 3 लाख 75 हजार रुपये तक के पुरस्कार रखे गए हैं। प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर 2026 निर्धारित है, जबकि अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8817420420 पर संपर्क किया जा सकता है।

https://videopress.com/v/dgW2Zq8P
https://videopress.com/v/YhDHUlCB

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *