- अगस्त में एनएसयूआई ने किया था प्रदर्शन, बीकॉम में 15 सीटों की बढ़ोतरी
रायगढ़/ किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में छात्रों का आंदोलन रंग लाया है। उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेज में बीकॉम और पीजी के कुछ संकायों में सीटों की बढ़ोतरी की है। बीकॉम में 15 सीटें बढ़ाई गई हैं। डिग्री कोर्सेस को लेकर युवाओं का रुझान अब बदलने लगा है। कुछ विषयों की ओर ही ध्यान अधिक है। ज्यादातर विषयों में सीटें खाली पड़ी हैं। कॉमर्स की ओर छात्र-छात्राओं की रुचि बढ़ रही है। कला एवं विज्ञान से जुड़े विषयों के बजाय युवा अब तकनीकी कोर्स की पढ़ाई करने में ज्यादा इंट्रेस्ट दिखा रहे हैं। डिग्री कॉलेज में भी ऐसा ही हाल है। स्नातक के ज्यादातर संकायों में सीटें खाली हैं।
लेकिन बीकॉम समेत एमए और एमएससी के कुछ विषयों में सीटें फुल हो चुकी हैं। सीटों की कमी को लेकर एनएसयूआई ने अगस्त में आंदोलन किया था। सीट बढ़ोतरी के लिए प्राचार्य को ज्ञापन भी दिया गया था। इसके बाद उच्च शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को आदेश जारी किया है। डिग्री कॉलेज में बीकॉम में 15, एमए हिन्दी में 5, एमए समाज शास्त्र में 10, एमए राजनीति शास्त्र में 10, एमएससी वनस्पति शास्त्र में 5, एमएससी रसायन शास्त्र में 5 और एमएससी प्राणी शास्त्र में 5 सीटें बढ़ाई गई हैं। विवि की वेबसाइट पर अपडेटेड सीटों की संख्या डाल दी गई है। इन सभी संकायों में सीटें फुल हो चुकी थी।
बीकॉम में 110 सीटों में 669 आवेदन
डिग्री कॉलेज में बीकॉम की कुल 110 सीटें स्वीकृत थी। प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हुई तो 669 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया। इनमें से 109 का प्रवेश हो चुका है। उच्च शिक्षा विभाग ने 15 सीटें बढ़ाई हैं, इसलिए 16 सीटें रिक्त हैं।



