छत्तीसगढ़ में जमीन सीमांकन के आवेदन अब पूरी तरह ऑनलाइन, ई-कोर्ट का नया मॉड्यूल लाइव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। ई-कोर्ट परियोजना के तहत सीमांकन आवेदन के लिए तैयार विशेष ऑनलाइन मॉड्यूल को लाइव कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था को लेकर आयुक्त भू-अभिलेख कार्यालय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

कलेक्टरों को भेजा गया यूजर मैनुअल

आयुक्त भू-अभिलेख, नवा रायपुर द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सीमांकन के आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया को शत-प्रतिशत ऑनलाइन करने के संबंध में निर्देश पहले ही दिए जा चुके थे। अब इस व्यवस्था को धरातल पर उतारने के लिए ऑनलाइन मॉड्यूल के संचालन और विभिन्न स्तरों पर होने वाली कार्यवाहियों से संबंधित यूजर मैनुअल भी जिलों को प्रेषित किया गया है।

राजस्व अधिकारियों को दिए गए निर्देश

जारी निर्देश में सभी कलेक्टरों से कहा गया है कि वे संलग्न यूजर मैनुअल का अध्ययन कराकर संबंधित राजस्व न्यायालयों, तहसीलदारों और राजस्व निरीक्षकों को इस प्रक्रिया से अनिवार्य रूप से अवगत कराएं। साथ ही, फील्ड स्तर पर सभी अधिकारियों को नवीन ऑनलाइन व्यवस्था के अनुसार ही सीमांकन के मामलों का निपटारा और जरूरी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *