बलौदाबाजार-भाटापारा | जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की हत्या से सनसनी फैल गई। ग्राम गैंदा और मुड़ियाडीह के बीच सड़क पर 65 वर्षीय व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।मृतक की पहचान ग्राम मुड़ियाडीह निवासी केजराम ध्रुव, पिता ढेलसिंह ध्रुव (65 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब 5 बजे केजराम ध्रुव घर से दूध देने के लिए ग्राम गैंदा की ओर निकले थे।बताया जा रहा है कि गैंदा और मुड़ियाडीह के बीच सड़क पर अज्ञात हमलावर ने केजराम ध्रुव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का फोकस आरोपी की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने पर है।




