15 August 2026 : देश प्रदेश में आज 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एतिहासिक टाउन हॉल में फोटो प्रदर्शनी लगाई गई है। इस बार इसका विषय है ‘आजादी का गौरव-विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प’। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 11 बजे प्रदर्शनी की शुरुआत करेंगे। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग की ओर से ये फोटो प्रदर्शनी लगाई गई है।
प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जीवन, संघर्ष और योगदान को छायाचित्रों के माध्यम से से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका, विभिन्न आंदोलनों और जननायकों के योगदान को भी दिखाया गया है।
जानें उद्देश्य
प्रदर्शनी में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों के साथ प्रदेश में हुए सकारात्मक बदलावों को भी पेश किया गया है। प्रदर्शनी का प्रमुख उद्देश्य नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और प्रदेश की विकास यात्रा से परिचित कराना है। विशेष रूप से युवाओं और स्कूली छात्र-छात्राओं को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति एवं उपलब्धियों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न आकर्षण रखे गए हैं।




