फसल देखने आधी रात खेत पहुंचा ग्रामीण, अचानक दंतैल हाथी से हुआ सामना; हमले में 35 वर्षीय युवक गंभीर घायल, रायगढ़ रेफर

रायगढ़। जिले में जंगली हाथियों की दस्तक के बीच ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला धरमजयगढ़ वन मंडल के लैलूंगा रेंज का है, जहां देर रात खेत में अपनी फसल देखने गए एक ग्रामीण का सामना दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, लैलूंगा रेंज के लिबरा परिसर अंतर्गत ग्राम नारायणपुर में पिछले कुछ दिनों से एक अकेला हाथी विचरण कर रहा है। इसी बीच बीती रात करीब 11 बजे गांव का रहने वाला जलधर लकड़ा (35 वर्ष) अपनी फसल देखने खेत की ओर गया था। इसी दौरान अचानक उसका सामना दंतैल हाथी से हो गया।

इससे पहले कि ग्रामीण कुछ समझ पाता, हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद परिजन तत्काल घायल जलधर को उपचार के लिए लैलूंगा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया गया।

इधर, ग्रामीण पर हाथी के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मिली जानकारी के अनुसार विभाग की ओर से घायल के परिजनों को तत्कालिक सहायता के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। वन विभाग की टीम घटना के संबंध में आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *