तेज रफ्तार आ रही यात्री बस के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को ठोकर मार दिया जिससे मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी दोपहिया भी बस के चक्के में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। मामले की सूचना पर पुलिस ने शव को पीएम की कार्रवाई के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपते हुए बस चालक के विरुद्ध जुर्म दर्ज कर लिया है। उक्त घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा थानांतर्गत ग्राम तारागढ़ निवासी आरिफ खान पिता ईदु मोहम्मद खान सोमवार को किसी काम से बाइक पर मुड़ागांव गया था। काम
निपटा कर वह वापस आ रहा था इसी दौरान मेन रोड पर कोड़ासिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार पूर्णागिरी बस (क्रमांक सीजी14 सी 4511) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए आरिफ की बाइक को ठोकर मार दिया। बस की ठोकर से वह मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गया और बस के सामने के चक्के में आ गया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण आरिफ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना को देख बस में बैठे यात्रियों सहित आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गई तथा वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को अस्पताल भिजवाया जहां पोस्टमार्टम उपरांत शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं पुलिस ने मृतक के पिता ईदु मोहम्मद खान की रिपोर्ट पर बस चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 व बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।




