इन्वर्टर चोरी के केस में राहुल टंडन के विरुद्ध FIR दर्ज

रायगढ़, । कापू तहसील कार्यालय से इन्वर्टर चोरी करने वालों के विरुद्ध पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध किया है। इस केस में पुलिस ने राहुल टंडन और अन्य दो व्यक्तियों को आरोपी बनाया है। सरकारी ऑफिस से दिनदहाड़े इन्वर्टर उठाकर ले गए थे जिसके बाद तहसीलदार ने टीआई से शिकायत की थी। यह मामला बेहद गंभीर है। धरमजयगढ़ क्षेत्र में कुछ लोगों ने राजस्व विभाग को अपनी मुट्ठी में कर रखा है। उप पंजीयक कार्यालय में भी इनका खासा दखल है। सरकारी जमीनों की बिक्री में तो धरमजयगढ़ ने पूरे प्रदेश को पीछे छोड़ दिया है।

राजस्व न्यायालयों में संक्रमण फैलता जा रहा है। कापू तहसील कार्यालय में बिजली गुल होने पर विकल्प के रूप में इन्वर्टर लगाया गया था। 11 सितंबर को जब तहसीलदार उन्मेश पटेल कार्यालय पहुंचे तो बिजली गुल थी, लेकिन इन्वर्टर नहीं चल रहा था। स्टाफ ने बताया कि दो लोग आए और इन्वर्टर को उठा ले गए। पूछने पर दोनों ने राहुल टंडन का नाम लिया। दबंगई करके तहसील कार्यालय से दिन दहाड़े सामान निकालकर ले गए। इसके बाद तहसीलदार ने सीसीटीवी चेक करवाया और फुटेज के साथ कापू टीआई को सूचना दी।

बवाल बढ़ा तो कुछ देर बाद दो अन्य व्यक्ति आए और इन्वर्टर वापस रख दिया। तहसीलदार कापू ने थाने में इसकी लिखित शिकायत की थी। उन्होंने राहुल टंडन पर कई बार जाति संबंधी झूठी शिकायत करने का भी आरोप लगाया। कर्मचारियों को भी धमकाने की शिकायत पुलिस से की गई थी। इन्वर्टर चोरी के मामले में पुलिस ने राहुल व अन्य दो के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 (ई), 332 (सी) और 3 (5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

तहसील कार्यालय में ऐसा करने का हौसला

यह सिर्फ एक इन्वर्टर चोरी का मामला नहीं है। सोचिए कि जिस सरकारी दफ्तर में लोग न्याय मांगने जाते हैं, वहां पर घुसपैठ कर ली गई। दिन दहाड़े सबको बताकर इन्वर्टर वहां से चोरी किया गया। ऐसी दबंगई दिखाई कि कर्मचारी भी चुपचाप देखते रहे। आखिरकार पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *