खराब मौसम के चलते रायगढ़ में नहीं उतरा नितिन नवीन का विमान, धरमजयगढ़ में अब सीधे पीएम मोदी करेंगे संबोधित

धरमजयगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती यानी ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के मौके पर धरमजयगढ़ में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मौसम ने खलल डाल दिया है। खराब विजिबिलिटी और घने कोहरे के चलते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का विमान रायगढ़ के जिंदल एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका, जिसके कारण उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। हालांकि, कार्यक्रम का उत्साह कम नहीं हुआ है, क्योंकि अब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम को सीधे तौर पर (वर्चुअली) संबोधित करेंगे।

हवा में ही चक्कर काटता रहा विमान

मिली जानकारी के मुताबिक, नितिन नवीन को रायगढ़ के जिंदल हवाई पट्टी पर उतरने के बाद सड़क के रास्ते धरमजयगढ़ के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना था। लेकिन सुबह से ही इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। खराब दृश्यता (विजिबिलिटी) के कारण एटीसी से विमान को लैंडिंग की हरी झंडी नहीं मिल सकी। काफी देर तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद आखिरकार सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को वापस मोड़ना पड़ा।

स्मृति ईरानी ने बढ़ाया कार्यकर्ताओं का हौसला

धरती आबा बिरसा मुंडा को नमन करने और इस खास दिन को मनाने के लिए सुबह से ही हजारों की तादाद में आदिवासी समाज के लोग और भाजपा कार्यकर्ता धरमजयगढ़ में जुटे हुए हैं। नितिन नवीन के न पहुंच पाने की खबर से शुरुआत में थोड़ी मायूसी जरूर छाई, लेकिन मंच पर मौजूद भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने अपने संबोधन से कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मौसम भले ही आड़े आ गया हो, लेकिन उनका संदेश और देश के प्रधानमंत्री का सीधा मार्गदर्शन हम सभी को मिलने वाला है। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री भी मौजूद हैं।

पीएम मोदी के संबोधन के लिए लगी बड़ी स्क्रीन

अब इस राज्य स्तरीय आयोजन का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा संबोधन बन गया है। पीएम के लाइव उद्बोधन को सुनने और देखने के लिए कार्यक्रम स्थल पर विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। इस वीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने भी चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *