पुलिस के हत्थे चढ़ा चाइल्ड पोर्नोग्राफी का वांटेड: पुसौर इलाके में गंदी करतूत कर फरार हुआ था आरोपी, बिहार तक जुड़े तार, मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत पुसौर पुलिस ने चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े एक मामले में फरार आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी मोहम्मद जुबैर आलम को मुजफ्फरपुर से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाई, जहां पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

साइबर टिप लाइन से मिला था सुराग

पुलिस के अनुसार, इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री पर निगरानी के दौरान नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय के माध्यम से साइबर टिप लाइन की सूचना रायगढ़ एसपी कार्यालय को मिली थी। इसके बाद मामले की जांच थाना पुसौर को सौंपी गई। जांच में पाया गया कि 25 मार्च 2026 को पुसौर थाना क्षेत्र स्थित लारा एनटीपीसी इलाके से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखा और अपलोड किया गया था। वीडियो चाइल्ड पोर्नोग्राफी की श्रेणी का पाए जाने पर पुसौर थाने में 25 अगस्त 2026 को अपराध क्रमांक 200/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 एवं आईटी एक्ट की धारा 67(B) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

मुजफ्फरपुर में लोकेशन मिलने पर दबिश देकर पकड़ा

विवेचना के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर के तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि सिम बिहार के मुजफ्फरपुर में सक्रिय है। इसके बाद पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना हुई। पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर कुढ़नी थाना क्षेत्र के ग्राम सुमेरा निवासी 38 वर्षीय मोहम्मद जुबैर आलम को हिरासत में ले लिया। रायगढ़ लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह पिछले वर्ष लारा एनटीपीसी में एक ठेकेदार के अधीन पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था और उसी दौरान उसने यह कृत्य किया था। पर्याप्त इलेक्ट्रॉनिक व तकनीकी साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

ऑनलाइन बाल शोषण पर सख्त रुख

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री का ऑनलाइन प्रसार एक गंभीर साइबर अपराध है। ऐसे अपराधों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *