करंट की चपेट में आने से किसान की मौत के मामले में खेत मालिक गिरफ्तार, जेल भेजा गया

तखतपुर। ग्राम पंचायत चना डोंगरी में धान की फसल की रखवाली करने गए किसान की करंट की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी खेत मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी बड़े गुड्डू उर्फ दिलहरन सूर्यवंशी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, किसान गंगाराम कोल धान की फसल की रखवाली करने के लिए खेत गया हुआ था। इसी दौरान वह खेत में लगाए गए विद्युत तार के संपर्क में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई थी।

फसल सुरक्षा के नाम पर खेत में दौड़ाया गया था अवैध करंट

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धान की फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर तार लगाए गए थे। आरोप है कि खेत में अवैध रूप से बिजली का कनेक्शन लेकर तारों में करंट प्रवाहित किया जा रहा था। इसी घातक तार की चपेट में आने से गंगाराम कोल की जान चली गई।

मृतक गंगाराम अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके निधन के बाद परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे बेसहारा हो गए हैं। किसान की असमय मौत से पीड़ित परिवार के सामने अब भरण-पोषण और भविष्य का गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

बीएनएस और विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई

हादसे के बाद आरोपी दिलहरन सूर्यवंशी मौके से फरार हो गया था। तखतपुर पुलिस ने मामले की विवेचना करते हुए आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *