छाल क्षेत्र में गणेश विसर्जन के बाद लापता युवक का मांड नदी में मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

रायगढ़। जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेश विसर्जन के बाद से लापता 22 वर्षीय युवक का शव मंगलवार को मांड नदी में मिला है। बंगरसुता पुल के पास नदी की झाड़ियों में शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त कुड़ेकेला निवासी ओम राठिया के रूप में की है। युवक पिछले दो दिनों से लापता था।

विसर्जन के बाद घर लौटा, फिर बिना बताए निकल गया था

मिली जानकारी के मुताबिक ओम राठिया रविवार शाम अपने दोस्तों और ग्रामीणों के साथ गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुआ था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह अपने घर भी लौटा, लेकिन कुछ ही देर बाद परिजनों को बिना कुछ बताए दोबारा बाहर चला गया। देर रात तक जब वह वापस नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।

परिजनों और परिचितों ने रिश्तेदारों के यहां तथा आसपास के संभावित इलाकों में ओम की तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। मंगलवार को ग्रामीणों ने बंगरसुता पुल के पास मांड नदी की झाड़ियों में एक शव देखा, जिसके बाद वहां भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान की।

फॉरेंसिक टीम ने की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलते ही छाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया है। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत मर्ग कायम किया गया है। प्रारंभिक तौर पर पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *