रायगढ़। लैलूंगा अस्पताल के कर्मचारी द्वारा पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण से पैसे लेने का मामला प्रकाश में आया है। पोस्टमार्टम के लिए रूपए की मांग करते हुए 6 सौ रूपए नगद लेने तथा पीएम के काम आने वाली सामग्री भी खरीदवाने का आरोप परिजनों ने लगाया है। परिजनों के अनुसार दवा खरीदने के लिए उन्होंने एक हजार 74 रूपए का ऑन लाईन भुगतान किया है। मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा थानांतर्गत ग्राम केर्राडहन निवासी घुराउराम राठिया को बुधवार रात को किसी जहरीले सांप ने डंस लिया था।
सर्पदंश से घुराउराम की हालत बिगड़ने पर लैलूंगा अस्पताल उपचार के लिए लाया गया था, जहां प्रारंभिक जांच उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं गुरूवार की दोपहर को उसका पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के कर्मचारी द्वारा पैसे लिये जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। मृतक के परिजन का कहना है कि अस्पताल के कर्मचारी ने पोस्टमार्टम करने के लिए एक हजार रूपए की मांग की थी जिस पर परिजनों ने कम करने का आग्रह किया तब उसने 6 सौ रूपए देने को कहा।
वहीं पोस्टमार्टम में उपयोग आने वाली सामग्री खरीद कर लाने को कहा तब उसने जानकारी नहीं होना कहा। ऐसे में उक्त कर्मचारी स्वयं उसके साथ मेडिकल स्टोर गया और कुछ सामग्री क्रय की जिसका एक हजार 74 का भुगतान उसने ऑन लाईन किया है। ऐसे में राज्य शासन की ओर से गरीब तबके के लोगों को मुहैया कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की योजनाओं पर भी पलीता लग रहा है। इस प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में अस्पताल के कर्मचारी द्वारा रूपए की मांग किये जाना जांच का विषय है।



