छत्तीसगढ़ के उद्योगों ने किया महानदी को प्रदूषित, बहा रहे राखड़

रायगढ़। कांग्रेस पार्टी ने लोगों तक पहुंचने के लिए रचनात्मक कांग्रेस का गठन किया जिसके पहले अधिवेशन में रायगढ़ की आवाज बनकर जयंत बहिदार भी पहुंचे थे। उन्होंने प्रदेश में उद्योगों द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण, आदिवासियों का विस्थापन और कटते जंगलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि छग में लगातार जंगल कट रहे, लाखों आदिवासी विस्थापित हो रहे हैं लेकिन कोई भी पार्टी इस विषय को नहीं उठा रही है। कांग्रेस के वैचारिक-राजनीतिक विस्तार को समाज के सभी वर्गों के प्रबुद्धजनों तक पहुंचाने के लिए रचनात्मक कांग्रेस का गठन किया गया जिसका पहला राष्ट्रीय अधिवेशन नई दिल्ली में हुआ।

दो दिनी अधिवेशन में देश भर से कांग्रेस के प्रतिनिधि पहुंचे और अपनी बात रखी। आम जनता से जुड़े मुद्दों और सवालों पर प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। सम्मेलन का उद्देश्य आम जनता और सत्ता में बैठे लोगों के बीच बढ़ती दूरी को कम करने, असमानता, बेरोजगारी, पर्यावरणीय क्षरण, शिक्षा एवं हाशिए पर पड़े समुदायों की चिंताओं को दूर करने पर चर्चा करने का था। रायगढ़ से कांग्रेस नेता जयंत बहिदार अधिवेशन में पहुंचे। उन्होंने कहा कि छग और ओडिशा की जीवनरेखा महानदी है। प्रदेश के सभी उद्योग ने महानदी में फ्लाई एश, गंदा पानी बहा रहे हैं जो हीराकुद डैम में जा रहा है। डैम को भी नुकसान हो रहा है।

दोनों राज्यों की खदानों से लाखों लोगों का विस्थापन हो रहा है। छग और ओडिशा में वेदांता, जिंदल और अडाणी को जंगल आवंटित किए जा रहे हैं। कोई भी राजनीतिक दल इसमें कुछ भी नहीं कह रहा है, शून्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों राज्यों में पर्यावरण को बचाने के लिए और विस्थापन को रोकने के लिए रचनात्मक कांग्रेस संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि केलो नदी तो छोटी नदी है, लेकिन महानदी में डाले जा रहे औद्योगिक अपशिष्टों से ओडिशा की ओर गंदगी बढ़ रही है।

नालों के जरिए महानदी में जा रहा फ्लाई एश

जयंत बहिदार ने छग और ओडिशा की जीवनरेखा महानदी के प्रदूषित होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि छग के नालों और छोटी नदियों के माध्यम से राखड़ और गंदा पानी मिल रहा है। महानदी को बर्बाद करने में दोनों राज्यों के उद्योग जिम्मेदार हैं। उन्होंने जिंदल ग्रुप, अडाणी समूह और वेदांता के खिलाफ खुलकर बात रखी। दो दिवसीय अधिवेशन गुरुवार को खत्म हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *