नाले के तेज बहाव में बहने से 2 युवकों की मौत

रायगढ़ । दो अलग-अलग मामलों में नाले के तेज बहाव में बहने से दो युवकों की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने नाले में खोजबीन करने के बाद दोनों के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराते हुए मर्ग कायम करते हुए जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है। उक्त घटना कापू थाना क्षेत्र की है।  इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कापू थानांतर्गत ग्राम बंधनपुर निवासी राहुल यादव (उम्र 19 वर्ष) विगत गुरूवार को संगोल नाला में मछली मारने के लिए गया था।

देर शाम तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों द्वारा खोजबीन की गई। वहीं पुलिस को भी उसके लापता होने की सूचना दी गई थी। पुलिस ने रेस्क्यू आपरेशन चला कर नाले के पानी में उसकी पतासाजी प्रारंभ की थी। खोजबीन के दौरान उसका शव मिलने पर पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है। वहीं एक अन्य मामले में ग्राम भोजपुर निवासी रामरतन मंझवार मिर्गी बीमारी से पीडि़त था तथा वह कंड्रजा नाला में नहाने के लिए गया था इस दौरान पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।

आशंका व्यक्त की जा रही है कि नहाने के दौरान मिर्गी का दौरा पडऩे की वजह से वह पानी में डूब गया था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पायेगा। फिलहाल पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *