इसी का एनालिसिस कर रहा आईटी विभाग,कहां से हुई कमाई,कहां खपाई

रायगढ़। पीआरए ग्रुप और बर्बरीक प्रोजेक्ट पर करीब 4 दिन तक चली छापेमारी के बाद आयकर विभाग दस्तावेज समेटकर जा चुका है। छापेमारी में आय और संपत्ति के जो प्रमाण मिले हैं, उनका एनालिसिस किया जा रहा है। 50 ठिकानों की जानकारी को वेरीफाई करने में समय लग रहा है। कई सालों बाद रायगढ़ में इतनी लंबी आयकर छापे की कार्रवाई हुई है।

चार दिन तक इन्कम टैक्स के अधिकारी अपनी जगह से हिले तक नहीं। रायगढ़ शहर में पीआरए ग्रुप और बर्बरीक प्रोजेक्ट के 16 ठिकानों पर कार्रवाई चलती रही।

ब्रोकरों के ठिकानों पर भी टीमें डटी रही। मिली जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र, झारखंड और छत्तीसगढ़ में कार्रवाई के बाद सभी दस्तावेजों को एकत्रित कर एनालिसिस किया जा रहा है। आयकर विभाग सभी जगहों से मिले दस्तावेजों की तस्दीक कर रहा है। दोनों कंपनियों की आय और उसके स्रोतों पर पूरी जांच टिकी हुई है।

मुनाफे को कहां-कहां उपयोग किया गया, इसकी भी जांच हो रही है। बताया जा रहा है कि एक कड़ी से दूसरी कड़ी जुड़ती चली गई, इसलिए जांच भी लंबी चली।

आयकर विभाग को भी उम्मीद नहीं थी कि इतनी लंबी जांच करनी पड़ेगी, लेकिन प्राप्त जानकारी को देखकर अफसर भी हैरान रह गए हैं। फंड डायवर्सन के मामले की भी जांच की जा रही है। वास्तविक आय को छिपाने के लिए नुकसान दिखाने का उपाय किया गया था, जिसकी जांच हो रही है। इस वजह से आयकर विभाग की ओर से कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

16 राज्यों में 3500 करोड़ के प्रोजेक्ट

आयकर विभाग की नजर पीआरए ग्रुप और बर्बरिक प्रोजेक्ट पर करीब तीन महीनों से थी। मिली जानकारी के मुताबिक बर्बरिक प्रोजेक्ट को 16 राज्यों में करीब 3500 करोड़ के ठेके मिले हैं। इनमें फोरलेन, सिक्स लेन हाईवे, पुल, बड़े स्टोरेज स्ट्रक्चर आदि हैं। छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश, ओडिशा, बिहार समेत कई राज्यों में काम चल रहा है। आयकर विभाग सारे ठेकों की जानकारी खंगाल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *