ढोंगी बाबा आया,महिला का मंगलसूत्र लेकर चंपत हुआ

रायगढ़ । साधु के भेष में भिक्षा मांगने आये व्यक्ति द्वारा महिला से घर की सुख-समृद्धि का झांसा देकर उसके सोने का मंगलसूत्र की ठगी करते हुए बदले में रुद्राक्ष और पीतल का सामान थमाकर फरार हो जाने का सनसनी खेज मामला प्रकाश में आया है। पीडि़ता ने तदाशय की लिखित शिकायत थाने में की है जिस पर पुलिस आसपास के सीसीटीवी फूटेज खंगालते हुए ठग की पतासाजी कर रही है। उक्त वाकया सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। घर में रह रही अकेली महिलाओं को शिकार बनाने वाले ठग शहर के गली मोहल्लों में घूम रहे हैं।

पुरानी बस्ती नया गंज में साधु के वेश में पहुंचे एक व्यक्ति ने ऐसी करतूत को अंजाम दिया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है।दरअसल, हुआ यूं कि रविवार को पुरानी बस्ती स्थित नया गंज निवासी कांति सिंह घर पर अकेली थी। इसी दौरान साधु के वेश में एक व्यक्ति उसके घर भिक्षा मांगने पहुंचा और उससे सर्वप्रथम पीने के लिए पानी मांगा, जिस पर कांति सिंह ने उसे पानी दिया, इसके बाद चावल और फल वगैरह भी दिया। वहीं उसने कांति सिंह को अपनी बातों में उलझाया और घर की सुख-समृद्धि का झांसा देते हुए उससे अपने मंगलसूत्र को आंचल में बांधने के लिए कहा। महिला उसकी बातों में आ गई और अपना सोने का मंगलसूत्र आंचल में बांध लिया।

इसी दौरान कथित साधु ने अपने पास रखी एक पुडिय़ा के जरिए चालाकी से मंगलसूत्र बदल दिया और वहां से निकल गया।कुछ देर बाद जब महिला ने आंचल खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए। सोने के मंगलसूत्र की जगह आंचल में एक रुद्राक्ष और पीतल का सामान मिला। ठगी का एहसास होते ही महिला ने कथित साधु का पीछा भी किया, लेकिन तब तक वह उसकी आंखों से ओझल हो चुका था। वहीं कांति सिंह ने अपने साथ हुई ठगी की लिखित शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज कराई है।

पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी के विरूद्ध जुर्म दर्ज करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें साधु के वेश में घूम रहे संदिग्ध व्यक्ति का वीडियो सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पतासाजी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत का संदेश दिया है। खासकर घरों में अकेली रहने वाली महिलाओं और बुजुर्गों को अनजान लोगों के झांसे में आने से बचना चाहिए। श्रद्धा और विश्वास की आड़ में ठगी करने वाले ऐसे लोगों से सावधान रहना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *