रायगढ़ । नौरंगपुर स्थित तरुण नायक के घर पर चोरी के मामले में पुलिस ने लगातार आज दूसरे दिन जांच पड़ताल की। वहीं अधिवक्ता तरूण नायक ने कोतरा रोड थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि नगद तीन लाख रूपए सहित सोने व चांदी के जेवरों को मिला कर तकरीबन 15 लाख रूपए के सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए नवरंगपुर में रहने वाले तरुण नायक घर में धावा बोलकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
इस संबंध में तरूण नायक पिता सूरज नायक ने कोतरा रोड थाने में लिखित शिकायत देते हुए वह पेशे से अधिवक्ता हैं तथा बिलासपुर में रहते हैं। वहीं बुधवार की सुबह उसके माता पिता स्कूल के लिए जैमुरा गये थे जो रात में उसकी दीदी के घर ग्राम चपले में रूके थे तथा उसके दादा – दादी रायगढ़ चाचा के घर आये हुए थे। वहीं वह स्वयं बिलासपुर में था, जिससे घर में कोई नहीं था। गुरूवार को उसे फोन द्वारा घर में चोरी होने की सूचना मिलने पर वह बिलासपुर से वापस आकर देखा तो मकान का ताला टूटा हुआ था। वहीं अलग – अलग कमरों में रखी 9 नग आलमारियों के लॉकर भी टूटा हुआ था।
सूचना पा कर परिवार के अन्य लोग भी घर आये तथा आलमारियों की जांच की तो आलमारी में रखे तकरीबन 14 तोला सोना, लगभग एक किलो चांदी के जेवरात व अन्य पैतृक सामग्री, पुराना आभूषण तथा तीन लाख रूपए नगद नहीं था। बुधवार व गुरूवार की दरम्यानी रात किसी ने मकान का ताला तोड़ कर भीतर प्रवेश करते हुए लगभग 15 लाख रूपए का सामान चोरी कर ले गया है। पुलिस द्वारा तरूण नायक की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के विरूद्ध बीएनएस की धारा 331 (5), 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए उसकी पतासाजी की जा रही है।
गौरतलब है कि गुरूवार को चोरी होने की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर व कोतरा रोड थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह सहित पुलिस टीम ने नवरंगपुर पहुंचकर मौका मुआयना किया गया। वहीं आरोपियों की पतासाजी के लिए फॅारेंसिक एक्सपर्ट, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट सहित डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई थी।




