- आयुष नामदेव की सुरमयी आवाज से गूंजा रामलीला मैदान
रायगढ़, 23 सितम्बर 2026। रामलीला मैदान में आयोजित 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह की दसवीं कड़ी में आज संगीत की शानदार महफिल सजी। आयुष नामदेव ने अपने सियाधेश म्यूजिक बैंड, रायपुर के साथ मंच पर शानदार प्रस्तुति देते हुए श्रोताओं को सुरों से सराबोर कर दिया। उनकी सुमधुर आवाज और लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति पर रामलीला मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।शाम ढलते ही मैदान में संगीत प्रेमियों की भीड़ उमड़ने लगी। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी बड़ी संख्या में कार्यक्रम का आनंद लेने पहुंचे।
जैसे ही पहली प्रस्तुति शुरू हुई, पूरा माहौल संगीतमय हो गया। बैंड के कलाकारों के बेहतरीन तालमेल ने प्रस्तुति को और प्रभावशाली बना दिया। कई गीतों पर दर्शक झूमते और साथ में गुनगुनाते नजर आए। आयुष नामदेव इंडियन आइडल में अपनी पहचान बनाने के साथ ही कई म्यूजिक एल्बम का हिस्सा रह चुके हैं। विभिन्न विधाओं के गीतों को अपनी आवाज में ढालने में माहिर आयुष ने छत्तीसगढ़ के कई प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी गायकी का हुनर दिखाया है।
उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है। उनकी गायकी में सुर, लय और भाव का सुंदर संतुलन दिखाई देता है, जो हर वर्ग के श्रोताओं को अपनी ओर खींच लेता है। चक्रधर समारोह रायगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जहां शास्त्रीय संगीत, नृत्य और लोक कलाओं का संगम देखने को मिलता है। इसी परंपरा में आज की प्रस्तुति ने आधुनिक संगीत का रंग भी घोल दिया। आयुष नामदेव और सियाधेश म्यूजिक बैंड की प्रस्तुति ने समारोह की शाम में संगीत के विविध रंग भर दिए।







