दहेज के लिए ससुराल वालों ने जलाया था चेहरा, छोड़ना पड़ा रायगढ़, अब पहुंची हॉट सीट पर

  • रायगढ़ की बेटी कपिला तनेजा की संघर्ष भरी कहानी आई सबके सामने, अमिताभ बच्चन भी हुए भावुक, केबीसी में जीते 7.50 लाख रुपए

रायगढ़। रायगढ़ की एक बेटी कपिला, जिसे दहेज के दैत्य ने अपना शहर छोड़ने को मजबूर कर दिया। उसे अपनी पहचान भूलकर नए शहर में नए सिरे से संघर्ष शुरू करना पड़ा। वह आज जिंदगी से लड़कर कौन बनेगा करोड़पति के हॉट सीट तक पहुंच गई। उसकी कहानी आज देश की हर बेटी, हर मां तक पहुंच चुकी है। केबीसी में कपिला तनेजा ने 7.50 लाख रुपए जीते। करीब 20 साल पहले जो घटा था, वह लोग भूल चुके थे। एक पुराना घाव जो आज फिर से हरा हो गया। कपिला तनेजा, जो रायगढ़ में पैदा हुई, यहीं पली-बढ़ी, यहीं उसका विवाह हुआ, वह बेहद दर्दनाक हालत में रायगढ़ को छोड़कर जाने को विवश हुई।

बुधवार रात उसे केबीसी की हॉट सीट पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठा देखा, तो रायगढ़ शहर के कई लोगों की आंखें नम हो गईं। उस पर जो गुजरी थी, वह कहानी लोगों के सामने ताजा हो गई। ऐसा लगा जैसे कल ही की बात थी। कपिला तनेजा के पिता आईटीआई में पढ़ाते थे। उनका घर बोईरदादर रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में था। उनका पूरा परिवार रायगढ़ में हंसी-खुशी जीवन बिता रहा था। कपिला ने सरस्वती शिशु मंदिर से स्कूली शिक्षा लेने के बाद डिग्री कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। सुकून से कट रही जिंदगी में अचानक से भूचाल आ गया। प्रेम विवाह के बाद कपिला का जीवन नर्क हो गया। फिर एक दिन खबर आई कि कपिला को जला दिया गया। पूरा चेहरा जल चुका था।

आंख भी नहीं होती थी बंद

कपिला को जैसे-तैसे बचा लिया गया लेकिन जीवन पहले जैसा नहीं रहा। दहेज के लिए प्रताड़ित करने का केस भी दायर हुआ लेकिन गवाह पर्याप्त नहीं होने के कारण कपिला को कोई खास मदद नहीं मिली। बताया जा रहा है कि यह केस अभी भी चल रहा है। इसलिए कपिला तनेजा का परिवार रायगढ़ छोड़कर बिलासपुर शिफ्ट हो गया। कपिला की प्लास्टिक सर्जरी करने वाले डॉ. मुनीष बत्रा ने एक इंटरव्यू में कपिला का जिक्र किया था। उनका कहना था कि कपिला की हालत बेहद खराब थी। वह आंखें भी बंद नहीं कर पाती थी। अब कपिला बिलासपुर में रहती हैं और छोटे बच्चों को पढ़ाकर जीवन-यापन कर रही हैं। जैसे ही उनका चयन हुआ, बैकग्राउंड में उनका वीडियो चला। जिसमें उनकी आवाज थी। कपिला ने कहा 25 साल बाद बड़ी हिम्मत के साथ वे केबीसी में आई हैं, रूप, रंग सब खत्म।

देश के सामने रख दिया पूरा दर्द

अमिताभ बच्चन ने कपिला से उनके चेहरे पर जलने के निशान के बारे में पूछा। कपिला ने बताया कि 2002 में उनके ससुराल वालों ने उन्हें जलाया था। उन्होंने मंदिर में अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था लेकिन ससुराल वालों को धूमधाम से शादी और दहेज चाहिए था। लेकिन कपिला तनेजा का परिवार इसकी पूर्ति करने में सक्षम नहीं था। इसलिए प्रताड़ना बढ़ती गई। फिर एक दिन उन पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। स्वेटर, साड़ी सबकुछ शरीर पर चिपक गया। एक पड़ोसी ने धुआं देखकर उनको अस्पताल पहुंचाया। करीब 17 दिन बाद उनको होश आया।

जितनी पत्थर मैं हो गई, उतनी पत्थर वो भी हो गई

कपिला ने बताया कि घटना के समय उनकी छोटी बच्ची थी। लेकिन उसके बाद से उन्होंने अपनी बेटी को नहीं देखा। वह भी करीब 25 साल की हो चुकी है। कपिला को कभी अपनी बेटी से मिलने नहीं दिया गया और न ही उस बारे में कुछ बताया गया। आज भी उनको पता नहीं है कि उनकी बेटी कहां है। ठीक होने के बाद उनको मायके में भी ताने मिलते रहे। पिता के निधन के बाद उनको परिवार में भी सपोर्ट नहीं मिला।

फास्टेस्ट बज़र फर्स्ट में दिया जवाब

कपिला के साथ आठ प्रतिभागी बुधवार को शो में थे। फास्टेस्ट बज़र फर्स्ट में डसाल्ट एविएशन कंपनी से जुड़ा सवाल उनसे पूछा गया, उन्होंने जवाब दिया फ्रांस। इस पर कपिला का चयन हॉट सीट के लिए हुआ। कपिला का केबीसी में सफर भी आसान नहीं रहा। कई राउंड क्लियर करने के बाद उनका चयन हॉट सीट के लिए हुआ। बुधवार रात उनका एपिसोड सोनी टीवी पर टेलीकास्ट हुआ। खेल के दौरान अमिताभ बच्चन ने उनकी कहानी भी सुनी। कपिला ने 11 सवालों के सही जवाब दिए और 7.50 लाख रुपए जीते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *