जांजगीर-चांपा/ जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के एक खाली मकान में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 176 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजलपुर में महामाया क्रेशर स्थित खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखे रखकर बेचे जा रहे हैं। सूचना की तस्दीक होते ही बलौदा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
मकान में कार्टूनों में छिपाकर रखे गए थे पटाखे
छापेमारी के दौरान खाली मकान के भीतर अलग-अलग कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने जब जांच की, तो करीब 176 किलोग्राम पटाखों का अवैध जखीरा पाया गया। पुलिस ने 8 लाख 56 हजार रुपये मूल्य के इन सभी पटाखों को विधिवत जब्त कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने वार्ड क्रमांक 04, नैला निवासी 52 वर्षीय दीपक कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर और बलौदा थाना स्टाफ शामिल रहा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर खपाने की तैयारी थी।





