आठवीं की छात्रा ने लगाई फांसी, परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर प्रताड़ना का आरोप लगाया

रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने घर पर कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान आकांक्षा सेन के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ नगर स्थित सरस्वती शिक्षा मंदिर में आठवीं कक्षा की छात्रा थी। छात्रा का शव उसके घर में फंदे पर लटका मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों का आरोप: स्कूल में डांट-फटकार से आहत थी छात्रा

छात्रा के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में आकांक्षा को काफी डांटा-फटकारा गया था। इसी बात से अत्यधिक परेशान और आहत होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि आठवीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे प्रकरण की विधिवत जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाएगा कि घटना से पहले क्या हुआ था और छात्रा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *