खरसिया–छाल मार्ग पर कोयले से लदे ट्रेलर में भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान, सड़क पर मची अफरा-तफरी

रायगढ़। शुक्रवार की शाम खरसिया – छाल मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोयला लोड एक ट्रेलर में अचानक आग लग गई। घटना देहजरी गांव के पास शाम करीब 5:30 बजे की है। ट्रेलर में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।

मिली जानकारी के अनुसार, कोयला लोड ट्रेलर छाल की तरफ से कोयला लेकर आ रहा था। इसी दौरान देहजरी गांव के पास अचानक ट्रेलर में इंजन साइड आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद ही मार्ग पर वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो सकी। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि इस घटना में चालक की जान बच गई और किसी तरह की जनहानि की घटना नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *