रायगढ़ । तेज रफ्तार अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क पर जा रहे एक ग्रामीण को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन का पहिया ग्रामीण की कमर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। घटना तमनार थाना क्षेत्र की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम खुरूसलेंगा निवासी होरीलाल सिदार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे गांव के ही रोहित गुप्ता ने फोन कर सूचना दी कि मेन रोड पर सुनील सिदार को किसी वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी है, जिससे उसकी मौत हो गई है।
सूचना मिलते ही होरीलाल घटनास्थल पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि सुनील सिदार की कमर के ऊपर से वाहन का पहिया गुजरने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। होरीलाल सिदार की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार वाहन चालक की पतासाजी की जा रही है।



