उच्चभट्ठी में जमीन विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की मौत, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के उच्चभट्ठी गांव में जमीन विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग की मौत हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने बुजुर्ग को धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। चांपा थाना पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

विवाद के दौरान ब्लेड से हमला और धक्का-मुक्की

एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क के अनुसार, आरोपी राजकिरण यादव अपने बड़े पिता के घर पहुंचा था। वहां उसका रमेश कुमार के साथ जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते आरोपी गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गया। उसने रमेश को जान से मारने की धमकी दी और उस पर ब्लेड से हमला कर दिया।

विवाद को बढ़ता देखकर रमेश यादव के पिता लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने के लिए आगे आए। आरोप है कि इसी दौरान राजकिरण यादव ने लोचन प्रसाद को जोरदार धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने की वजह से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया केस, न्यायिक हिरासत में भेजा आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही चांपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी राजकिरण यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 296, 351(3) और 333 के तहत मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस ने आरोपी राजकिरण यादव को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *