फिल्मी स्टाइल में पत्नी की हत्या कर घर में ही कर दिया अंतिम संस्कार, अस्थियां नदी में बहाईं; फिर थाने जाकर लिखवाई गुमशुदगी

आगरा। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव कुकथला में पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस को चकमा देने के लिए उसने शव को घर के पीछे बाड़े में जला दिया। फिर अस्थियां यमुना नदी सहित कई जगह बहा दीं और खुद थाने जाकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करा दी। मायके पक्ष की शिकायत पर जांच शुरू हुई तो आरोपी की पूरी साजिश उजागर हो गई। पुलिस के अनुसार कुकथला निवासी लोकेंद्र पुत्र वीर बहादुर सिंह की शादी 2022 में अकबरा गांव की चांदनी से हुई थी। उनकी करीब दो साल की एक बेटी है। पुलिस का कहना है कि मंगलवार को चांदनी की कथित तौर पर हत्या कर दी गई।

आरोप है कि इसके बाद लोकेंद्र ने शव जलाकर सबूत मिटाने की हर संभव कोशिश की। जांच में सामने आया कि लोकेंद्र ने अपना मोबाइल बंद करके घर में रख दिया था, जबकि चांदनी का मोबाइल सिकंदरा थाना क्षेत्र में फेंक दिया। इसके बाद वह अछनेरा थाने पहुंचा और पत्नी के घर से लापता होने की सूचना दी। उधर चांदनी के मायके वाले भी थाने पहुंचे। उन्होंने बेटी के लापता होने की तहरीर देते हुए पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। बुधवार सुबह पुलिस टीम कुकथला पहुंची तो घर पर परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला। चांदनी की दो साल की बेटी दुकानों के बाहर अकेली खेलती मिली। हालात संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया।

पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग मिले। इसके बाद लोकेंद्र को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें पत्नी की हत्या और शव जलाने की बात सामने आई। उसकी निशानदेही पर पुलिस यमुना किनारे पहुंची और वहां से कुछ हड्डियां बरामद कीं। चांदनी का मोबाइल भी बरामद होने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल कुकथला चौकी से महज करीब 200 मीटर दूर है।पुलिस अब हत्या की वजह और शव जलाने से लेकर अवशेष ठिकाने लगाने तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि वारदात में आरोपी के अलावा किसी और की भूमिका तो नहीं थी। बरामद हड्डियों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *