तहसील से इन्वर्टर चुरा ले गए थे चोर, नामजद शिकायत

रायगढ़ । यदि सरकारी ऑफिस से दिनदहाड़े कोई सामान चोरी हो जाए तो स्थिति बड़ी असहज हो जाती है। कापू तहसील कार्यालय में ऐसी ही एक घटना हुई थी। जब तहसीलदार ने कार्रवाई शुरू की तो सामान वापस भी आ गया, लेकिन तब तक कापू थाने में लिखित शिकायत हो चुकी थी। यह मामला बेहद दिलचस्प है। धरमजयगढ़ क्षेत्र में कुछ लोगों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि कहीं भी कुछ भी करवा सकते हैं। खासकर वहां का राजस्व विभाग बहुत बड़े संक्रमण से ग्रसित है। इसका इलाज नहीं किया गया तो और भी बड़े-बड़े कारनामे होने तय हैं।

भूमिस्वामी की मर्जी के बगैर जमीन बिक रही है।सरकारी जमीन को भूमिस्वामी बनाकर बिक्री हो रही है। इस बार तो तहसील कार्यालय ही उनके निशाने पर आ गया। कापू तहसील कार्यालय में बिजली गुल होने पर विकल्प के रूप में इन्वर्टर लगाया गया है। 11 सितंबर को जब तहसीलदार कार्यालय पहुंचे तो बिजली गुल थी, लेकिन इन्वर्टर नहीं चल रहा था। स्टाफ ने बताया कि दो लोग आए और इन्वर्टर को ले गए। उन्होंने राहुल टंडन का नाम लिया। दबंगई करके तहसील कार्यालय से दिनदहाड़े सामान निकालकर ले गए।

इसके बाद तहसीलदार ने सीसीटीवी चेक करवाया और कापू टीआई को सूचना दी। अचानक से कुछ देर बाद दो अन्य व्यक्ति आए और इन्वर्टर वापस रख दिया। तहसीलदार कापू ने थाने में इसकी लिखित शिकायत की। उन्होंने राहुल टंडन पर कई बार जाति संबंधी झूठी शिकायत करने का भी आरोप लगाया। कर्मचारियों को भी धमकाया गया। इस घटना से लोक शांति भंग की हुई।

अब तक नहीं हुई कार्रवाई
कापू क्षेत्र में जमीनों की धोखाधड़ी बड़े पैमाने पर हो रही है। इस पर रोक नहीं लग पाने की वजह से हालात खराब हो रहे हैं। आम जनमानस में राजस्व विभाग की छवि खराब हो रही है। पिछले दिनों कई ऐसी रजिस्ट्रियों के मामले सामने आए हैं, जिनमें एफआईआर भी दर्ज हुई। इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *