रायपुर। भारी बारिश के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने से रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई प्रमुख और लोकल ट्रेनें शुक्रवार को घंटों की देरी से पहुंचीं। लंबी दूरी की कई गाड़ियां करीब 1 से 3 घंटे विलंब से चलीं, जबकि दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच पहुंचने वाली कुछ ट्रेनें 2 से 5 घंटे तक लेट रहीं। आउटर पर ट्रेनों को रोके जाने और लगातार बढ़ रहे विलंब से यात्रियों को स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
शुक्रवार को समता एक्सप्रेस करीब 3 घंटे, पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस 2 घंटे 45 मिनट, दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस 3 घंटे 45 मिनट और विशाखापट्टनम-दुर्ग एक्सप्रेस करीब 2 घंटे की देरी से रायपुर पहुंची। इसके अलावा दुर्ग और रायपुर के बीच चलने वाली लोकल ट्रेनों को आउटर पर लंबे समय तक रोके जाने की वजह से यह सफर सामान्य समय से बढ़कर एक घंटे से अधिक का हो गया।
रास्ते में स्टेशनों के साथ बढ़ता गया विलंब
दुर्ग से रवाना होने के बाद कई ट्रेनों का विलंब आगे के स्टेशनों पर लगातार बढ़ता गया। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दुर्ग से रवाना होकर रायपुर पहुंचने तक 9 मिनट लेट हुई थी, लेकिन भाटापारा पहुंचने तक यह देरी 29 मिनट और उसलापुर में 31 मिनट हो गई। पेंड्रारोड पहुंचते-पहुंचते ट्रेन 1 घंटे 40 मिनट और शहडोल पहुंचने तक 2 घंटे 3 मिनट विलंबित हो गई।
इसी तरह साउथ बिहार एक्सप्रेस दुर्ग से अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई थी, लेकिन रायपुर पहुंचते ही 5 मिनट की देरी दर्ज हुई। इसके बाद तिल्दा में 31 मिनट और सक्ती पहुंचने तक गाड़ी 1 घंटे 12 मिनट की देरी से चलने लगी। दुर्ग और बिलासपुर से समय पर छूटने के बावजूद कई लोकल ट्रेनें भी रायपुर पहुंचते-पहुंचते 1 से 2 घंटे तक लेट हो रही हैं।
अंबिकापुर और शहडोल रूट की गाड़ियां भी घंटों लेट
अंबिकापुर एक्सप्रेस के रायपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:30 बजे है, लेकिन यह ट्रेन पिछले करीब एक महीने से 3 से 4 घंटे की देरी से रायपुर पहुंच रही है। वापसी में भी इसके घंटों विलंब से चलने के कारण अंबिकापुर में यात्रियों को रात 12 से 1 बजे तक इंतजार करना पड़ रहा है।
वहीं शहडोल होकर रायपुर पहुंचने वाली सारनाथ एक्सप्रेस और अमरकंटक एक्सप्रेस समेत करीब आधा दर्जन ट्रेनें रोजाना 3 घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं। अमरकंटक एक्सप्रेस भी नियमित रूप से करीब 3 घंटे विलंब से रायपुर पहुंच रही है। ट्रेनों के समय पर न चलने के कारण अपने तय शेड्यूल के अनुसार स्टेशन पहुंचे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।




